
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुण्डुई में शनिवार को 77वें वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक सत्तारूढ़ दल सह जिला अध्यक्ष सोनाराम सिंकु शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर डीएफओ आदित्य नारायण, संलग्न पदाधिकारी प्रशांत हिम्मत बाविसकर, चाईबासा वन प्रमंडल के वन क्षेत्र पदाधिकारी जीतेंद्र प्रसाद सिंह, नोवामुंडी सहित वन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। हरित झारखंड और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना और उनकी देखभाल करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि जीवन, जल और जैव विविधता के आधार भी हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिलकर प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लें और एक हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध झारखंड के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों के बीच पौधे का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरू, प्रखंड प्रमुख बुधराम पूर्ति, वरिष्ठ कांग्रेसी विपिन सिंकु, मानकी दीपक लागुरी, मकर ध्वज सरदार, संदेश सरदार, नारायण दास, परमेश्वर महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Read Also Chaibasa News : प्रोजेक्ट जागृति के तहत 120 टीबी मरीजों को मिला पोषण आहार


