
चाईबासा : आगामी दुर्गा पूजा के त्योहार को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से सदर थाना पुलिस ने अपनी चौकसी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बुधवार को देर रात पुलिस की एक विशेष टीम ने दोपहिया वाहनों से पूरे शहर में गश्त लगाकर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
इस रात्रि गश्त का नेतृत्व सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी कर रहे थे। पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक बाजारों, मुख्य चौराहों, निर्माणाधीन पूजा पंडालों के आसपास तथा संवेदनशील स्थलों का सघन दौरा किया। भ्रमण के दौरान टीम ने संदिग्ध आचरण वाले व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। इस अभियान में थाना प्रभारी के साथ उप-निरीक्षक विनोद कुमार, उपेंद्र सिंह, सहायक उप-निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह और कई सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गश्त के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने आम नागरिकों से बातचीत कर उनसे शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध बात नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रमुख चंद्रशेखर चौधरी ने स्पष्ट किया कि पूजा उत्सव के दौरान बाजारों और सड़कों पर लोगों की भारी आवाजाही रहती है, जिसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। उपद्रवियों, मनचलों और असमाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। देर रात बिना वजह घूम रहे लोगों और शराब के नशे में हुड़दंग मचाने वालों से रोककर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चाईबासा पुलिस पूरी तरह सक्षम और तैयार है। आगामी दिनों में सभी पूजा पंडालों के समीप पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। पुलिस का यह विशेष रात्रि चेकिंग अभियान दुर्गा पूजा के समापन तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन भयमुक्त होकर त्योहार का आनंद ले सकें।

