Home » Chaibasa News : सेल माइंस के निजी चालकों ने बुलंद की आवाज, 10 दिनों में मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम

Chaibasa News : सेल माइंस के निजी चालकों ने बुलंद की आवाज, 10 दिनों में मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) की गुवा अयस्क खदान में कार्यरत निजी वाहन चालकों के उत्पीड़न और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन ने कड़ा रुख अपनाया है। यूनियन ने सेल के गुवा प्रबंधन को पत्र सौंपकर समस्याओं के अविलंब समाधान की मांग की है। इसके साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो सभी ड्राइवर काम बंद कर हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।

झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार द्वारा 5 अक्टूबर को जारी इस पत्र में चालकों की दयनीय स्थिति पर गहरा रोष जताया गया है। पत्र के अनुसार, गुवा माइंस में बीते 12 वर्षों से नोटशीट की आड़ में चालकों से मात्र 400 रुपये प्रतिदिन पर वाहन चलवाया जा रहा है। यूनियन ने इस शोषणकारी व्यवस्था को तुरंत खत्म कर चालकों को न्यायसंगत पारिश्रमिक देने की मांग रखी है।

यूनियन द्वारा रखी गईं प्रमुख मांगें

कुशल श्रेणी (Skilled Category) का वेतन

टेंडर की स्थिति चाहे जो भी हो, सभी चालकों को ‘स्किल्ड’ श्रेणी के नियमानुसार भुगतान किया जाए।

 पीएफ और इंश्योरेंस सुविधा

प्रत्येक चालक का भविष्य निधि (PF) खाता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए और उन्हें ग्रुप इंश्योरेंस का लाभ मिले।

 बकाए का भुगतान

सेवानिवृत्ति (Retirements) से जुड़ी चालकों की तमाम बकाया राशियों का शीघ्र भुगतान हो।

समयबद्ध कार्य आदेश

टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही एक महीने के अंदर कार्य शुरू कराया जाए तथा वर्क ऑर्डर की शर्तों के तहत चालकों को सभी तय सुविधाएं प्रदान की जाएं।

यूनियन का कहना है कि दो महीने पहले भी पत्राचार के जरिए प्रबंधन को इन गंभीर मुद्दों से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पत्र में सेल प्रबंधन से आग्रह किया गया है कि वे संबंधित ठेकेदारों को कड़े निर्देश देकर इन मांगों का जल्द से जल्द निपटारा कराएं।

यूनियन ने साफ किया है कि यदि निर्धारित 10 दिनों के अंदर समाधान नहीं निकला, तो खदान के सभी निजी चालक पूर्ण हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी पूरी जवाबदेही प्रबंधन की होगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पत्र की प्रतियां ईडी (वर्क्स) बोकारो, एचआर गुवा अयस्क खान, सहायक श्रम आयुक्त (ALC) चाईबासा, जीएम मोटर गैराज, एसडीएम जगन्नाथपुर, डीएसपी किरीबुरू, गुवा थाना प्रभारी तथा संबंधित ठेकेदारों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दी गई हैं।

Read Also Chaibasa crime News : बैंक परिसर में बुजुर्ग से 50 हजार रुपये की ठगी, पासबुक अपडेट कराने के दौरान जेब कतरी

Related Articles

Leave a Comment