
Jamshedpur : आजादनगर रोड नंबर 19 स्थित गरीब कॉलोनी निवासी कान्वाई चालक मो. मुस्तफा (46) की बुधवार शाम सिमडेगा जिले के कोलेबिरा में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आजादनगर स्थित उनके घर में मातम पसर गया। मुस्तफा पुणे से चेचिस वाहन लेकर खड़गपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।
मृतक के साथी कपाली बाबा कुंडी निवासी कान्वाई चालक मो. सज्जाद ने बताया कि दोनों 28 सितंबर को जमशेदपुर से कान्वाई वाहन लेकर पुणे गए थे। वहां से वापसी के दौरान उन्हें पुणे से खड़गपुर के लिए कान्वाई वाहन मिला था। रास्ते में मुस्तफा की तबीयत खराब होने पर वाहन रोक दिया गया था। कुछ देर आराम करने के बाद दोनों ने दोबारा सफर शुरू किया। आगे बढ़ने के दौरान वाहन चलाते समय मुस्तफा की तबीयत फिर बिगड़ गई। साथी चालक के मुताबिक, आशंका है कि उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में मुस्तफा की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को परिजन कोलेबिरा पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर आजादनगर के लिए रवाना हो गए। मुस्तफा अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। हादसे की खबर के बाद परिवार के साथ-साथ गरीब कॉलोनी और आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल है।

