
चाईबासा : सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। गुरुवार रात जिला मुख्यालय में सरायकेला मोड़ के पास जिला परिवहन विभाग और मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे दो चालकों को गिरफ्तार कर उन पर भारी जुर्माना ठोका गया।
ब्रेथ एनालाइजर से जांच, दो गाड़ियां जब्त
अभियान की कमान संभाल रहे मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने खुद ब्रेथ एनालाइजर मशीन से चालकों की जांच की। चेकिंग के दौरान नशे में गाड़ी चलाते पाए गए दो चालकों को पकड़ा गया। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और उनके वाहनों को जब्त कर थाने ले आई।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 10,000 रुपये के आर्थिक दंड के साथ-साथ वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द करने का कड़ा नियम है।
दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की हुई गहन पड़ताल
जांच के दौरान दोपहिया चालकों के हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के सीट बेल्ट की कड़ाई से जांच की गई। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (प्रदूषण प्रमाण पत्र) और अन्य जरूरी कागजातों को देखा गया। नियम तोड़ने वाले चालकों से मौके पर ही नियमानुसार चालान काटा गया।
थाना प्रभारी ने दी नसीहत, आगे भी जारी रहेगा अभियान
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने वाहन चालकों को सुरक्षा का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं, गाड़ी के सभी कानूनी दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें,ओवरस्पीडिंग, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें और शराब या किसी भी तरह के नशे में वाहन कतई न चलाएं।
उन्होंने बताया कि आम जनता को जागरूक करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की औचक और सघन जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।

