
रांची : जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद को लेकर आंदोलनरत छात्रों का आक्रोश रविवार को सड़क पर देखने को मिला। छात्रों ने रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के नेता तेजस्वी यादव का पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि वे लंबे समय से जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। छात्रों ने सरकार पर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया।
आंदोलनकारियों ने 15 अगस्त को छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के साथ प्रशासन द्वारा कथित अभद्र व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। छात्रों का कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वालों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर तत्काल पहल करने और आंदोलनकारियों की आवाज सुनने की मांग की। छात्रों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान अल्बर्ट एक्का चौक पर कुछ देर माहौल नारों और विरोध-प्रदर्शन से गरम रहा।

