
Jamshedpur : जमशेदपुर समाहरणालय में बुधवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में ऑस्टियोअर्थराइटिस कैंप, वयोमित्र कैंप, आयुर्विद्या करुणा, आयुष ग्राम और आदिम जनजातीय समुदाय के बीच मासिक स्वच्छता कार्यक्रम की प्रगति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने राज्य से प्राप्त राशि के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर सभी प्रखंडों और विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच व जागरूकता शिविर लगाने को कहा। शिविरों में बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को योग, स्वस्थ खान-पान व जीवनशैली के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
कदमा स्थित नवनिर्मित 50 शय्यायुक्त धनवंतरी आयुष अस्पताल की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आवश्यक विद्युत कनेक्शन और अन्य आधारभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराकर अस्पताल को जल्द आमजनों के लिए शुरू करने का निर्देश दिया। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और आदिम जनजातीय समुदायों के बीच विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने को भी कहा गया।
Read also – Jamshedpur News: जादुगोड़ा में NCST के आठ सदस्यीय दल ने किया स्थल निरीक्षण, जनजातीय समुदाय की समस्याएं सुनीं

