
दुमका : जिले के हंसडीहा में पुलिस ने एक बड़े अवैध हथियार कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज और रामगढ़ मोड़ के पास एक मकान में छापेमारी की। वहां अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री चलाई जा रही थी। मौके से पुलिस ने लेथ मशीन समेत हथियार बनाने के कई सामान बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने उस मकान को तुरंत सील कर दिया है।
इस छापेमारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह पूरी कार्रवाई कोलकाता एसटीएफ (STF) के गुप्त इनपुट पर की गई। दरअसल कुछ दिन पहले कोलकाता एसटीएफ ने हथियार तस्करों को पकड़ा था। पूछताछ में उन्होंने हंसडीहा में बन रहे अवैध हथियारों की जानकारी दी थी। इसके बाद दुमका पुलिस ने घेराबंदी करके उस मकान में दबिश दी।
पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क
घटना की जानकारी मिलते ही दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार खुद हंसडीहा पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और जब्त उपकरणों की जांच की। छापेमारी अभियान में कई थानों की पुलिस और एसटीएफ की टीम शामिल थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी यहां अवैध पिस्टल और देसी कट्टे तैयार कर रहे थे।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह कब से चल रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के तार तलाश रही है। जांच की जा रही है कि यहां बने हथियार कहां-कहां भेजे जाते थे। इस काले कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Read Also : Dhanbad Cime: धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, गिरिडीह साइबर थाने के सब इंस्पेक्टर को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते दबोचा

