
घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर निवासी सुब्रतो सिंहा (49 वर्ष) घटना के सात दिन बाद आखिरकार जिंदगी की जंग हार गए। बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इससे पूर्व उनकी पुत्री श्रेया सिंहा की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि उनकी पत्नी और बेटा अब भी इलाजरत हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर की शाम सुब्रतो सिन्हा अपनी बाइक से पत्नी, बेटे और बेटी को सुवर्णरेखा नदी (अमानगर) का जलस्तर दिखाने ले गए थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार सवार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुब्रतो सिन्हा और उनकी पत्नी सुष्मिता सिन्हा उफनती नदी में गिरकर बह गए। घटना के लगभग चार घंटे बाद पत्नी को हरिणडुंगरी के कटिंगदोह से सुरक्षित निकाला गया था।
हादसे के अगले दिन इलाज के दौरान बेटी श्रेया सिंहा ने दम तोड़ दिया था, वहीं बुधवार को सुब्रतो सिन्हा की मौत के बाद पूरे परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलने पर घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में सुखलाल हांसदा, शिवाजी चटर्जी, आशीष राय और कालीराम शर्मा पहुंचे। वहीं सूचना पाकर घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा भी अस्पताल पहुंचे और शोक-संतप्त परिवार को ढाढस बंधाया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस परिवार के साथ खड़ी है और फरार वाहन चालक की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार शाम सुब्रतो सिंहा के शव को एचसीएल/आईसीसी मऊभंडार स्थित शीतगृह में रखवाया गया है। गुरुवार को अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों द्वारा उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Read Also: Ghatshila News : अमाइनगर पुलिया सड़क हादसे का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

