रांची । राज्य में कॉल गर्ल उपलब्ध कराने के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है। इसके लिए संगठित गिरोह काम कर रहा है। व्हाट्सएप पर खूबसूरत युवतियों की तस्वीर भेजकर युवाओं फांसते हैं। तस्वीर पसंद कर उसे उपलब्ध कराने के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे मगाते हैं। यह सब एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर स्कैम चल रहा है। कोडरमा पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को दबोच लिया है। उनसे जो जानकारी मिली वह चौंकाने वाली है।
कोडरमा पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कोडरमा के बेकोबार निवासी अनिल पंडित मोबाइल नंबर 720943740 के जरिए कॉल गर्ल उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से बेकोबार स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की।
कोडरमा में पुलिस ने दो को पकड़ा
पुलिस के पहुंचने की भनक मिलते ही धंधे में लिप्त आरोपी घर से भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन पुलिस पहले से चौकस थी। पुलिस ने आरोपियों, अनिल पंडित और मंटू कुमार पंडित (निवासी कांको, जयनगर) को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि वे विभिन्न वेबसाइटों पर फर्जी आईडी बनाकर अपना नंबर डाल देते हैं।
जब कोई व्यक्ति संपर्क करता, तो वे लड़कियों की तस्वीरें भेजकर उन्हें झांसे में लेते हैं। फिर बुकिंग के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए पैसे मंगवाते हैं। बाद में वे इस रकम को आपस में बांट लेते हैं।
कई अन्य शहरों में सक्रिय है गिरोह
पुलिस ने गहन पूछताछ की तो पता चला है कि यह गिरोह न केवल कोडरमा बल्कि कई अन्य शहरों में भी सक्रिय था। इसके पूर्व हजारीबाग से भी धंधे में लिप्त कई लोग पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें कॉल गर्ल सर्विस से संबंधित चैट, युवतियों की तस्वीरें और ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए क्यूआर कोड बरामद हुए हैं।
पुलिस ने मामले में बेकोबार गांव के सात अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान की है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कोडरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के ऑनलाइन प्रलोभनों और अनजान वेबसाइटों से सावधान रहें।
Read Also: http://Koderma Child Murder : रात को घर में मां के साथ सोया था मासूम, सुबह कुएं में मिला शव

