
Jamshedpur : टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन के कर्मचारियों के लिए वर्ष 2025-26 का बोनस समझौता संपन्न हो गया है। टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन प्रबंधन और कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच हुए समझौते के तहत कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस मिलेगा। इसके तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 41,318 रुपये और अधिकतम 50,506 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
बोनस समझौते पर प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। प्रबंधन की ओर से टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सह अध्यक्ष प्रमोद कुमार, सेक्रेटरी अंकित सिन्हा, ट्रेजरर रंजीत वर्मा, गुरमीत सिंह और बी.एस.एन. राजू ने हस्ताक्षर किए। वहीं कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, सह-अध्यक्ष बी.के. डिंडा, महासचिव ददन सिंह और कमेटी मेंबर पी.के. दास ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के बाद यूनियन और प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने कहा कि टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन के प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि डायरेक्टर बांग्ला के बेहतर प्रदर्शन के कारण बाहर से आने वाले विशिष्ट अतिथियों और मुख्य अतिथियों की पहली पसंद टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन बन रहा है।
अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय और अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि संस्था की उपलब्धियों के पीछे कर्मचारियों की मेहनत और प्रबंधन का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारी हितों के साथ-साथ संगठन को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने भविष्य में भी मिलकर कार्य करने तथा संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता जतायी।
यूनियन और प्रबंधन ने कहा कि टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन की कार्यप्रणाली और सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी स्तरों पर ध्यान देने की जरूरत है। इसके लिए कर्मचारियों, यूनियन और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

