RANCHI: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को बेड़ो प्रखंड का औचक दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय, बेड़ो थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया। दौरे की शुरुआत प्रखंड कार्यालय से करते हुए उपायुक्त ने कर्मचारियों की उपस्थिति जांची और वहां मौजूद आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद बेड़ो थाना पहुंचकर उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और विधि-व्यवस्था मामलों में तत्परता बरतने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने हीटवेव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, इमरजेंसी सेवाओं को 24×7 सक्रिय रखने तथा लू प्रभावित मरीजों के लिए ओआरएस, दवाइयों, पेयजल और बेड की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
गांवों के भ्रमण के दौरान चापाकल, हैंडपंप और तालाब जैसे जल स्रोतों की स्थिति की समीक्षा की गई। जहां भी समस्या मिली, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों से बातचीत कर बिजली और पेयजल संबंधी शिकायतें भी सुनी गईं। उपायुक्त ने कहा कि भीषण गर्मी में किसी भी नागरिक को पानी, बिजली या स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए इसके लाभ को सभी तक पहुंचाने पर जोर दिया।

