
Jamshedpur : एमजीएम थाना क्षेत्र में निर्मल चौक और ताता पत्थर के बीच मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में टाटा मोटर्स के ठेका कर्मी 24 वर्षीय राकेश महतो की मौत हो गई। दुर्घटना में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
गौरतलब है कि धनिया निवासी राकेश महतो ड्यूटी समाप्त करने के बाद ग्लैमर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निर्मल चौक और ताता पत्थर के बीच सामने से आ रही स्प्लेंडर बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। स्प्लेंडर बाइक पर तीन युवक सवार थे और उसमें नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों की पहचान जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के तिलामुड़ा गांव निवासी समीर माझी (17), समीर कालिंदी (20) और बिरसा माझी (18) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने राकेश महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीनों घायल युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है।
राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार, राकेश परिवार का इकलौता बेटा था। वह टाटा मोटर्स में ठेका कर्मी के रूप में काम करता था और रोज की तरह ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और दोनों बाइक की रफ्तार समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है।

