
नई दिल्ली/ जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी बीच दिल्ली पुलिस की ओर से जारी वांछित आतंकियों की सूची में झारखंड के जमशेदपुर के रहने वाला सैयद मोहम्मद अर्शियान का नाम सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने देश के 19 वांछित आतंकियों की तस्वीरें और उनके बारे में जानकारी सार्वजनिक की है। इन लोगों पर अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े होने और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप हैं। सूची में जमशेदपुर के अर्शियान के अलावा चतरा जिले के अबू सुफियान का नाम भी शामिल बताया गया है।
जमशेदपुर के अर्शियान की तलाश तेज
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सैयद मोहम्मद अर्शियान मूल रूप से जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर, जाकिर नगर रोड नंबर 14 का रहने वाला है। बताया गया है कि वह वर्ष 2016 से फरार है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में उसके कथित तौर पर अल-कायदा भारतीय उपमहाद्वीप से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है।
अर्शियान को आधुनिक तकनीक, डिजिटल संचार और ड्रोन संचालन की जानकारी रखने वाला बताया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के लिए उसकी तलाश लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। उसके खिलाफ इंटरपोल की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
एनआईए, झारखंड एटीएस और जमशेदपुर पुलिस की नजर
अर्शियान की तलाश को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी, झारखंड आतंकवाद निरोधी दस्ता और जमशेदपुर पुलिस सक्रिय हैं। सुरक्षा एजेंसियां उसके संभावित संपर्कों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हैं। जांच का फोकस उसके कथित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर संभावित मददगारों और संपर्क सूत्रों पर भी है।
अर्शियान के नाम के देश के 19 वांछित आतंकियों की सूची में सामने आने के बाद जमशेदपुर में भी सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ने की बात कही जा रही है।
अर्शियान का भाई जीशान तिहाड़ जेल में बंद
जांच एजेंसियों के मुताबिक, अर्शियान का भाई मोहम्मद जीशान पहले से दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। दिल्ली पुलिस की विशेष प्रकोष्ठ ने उसे 9 अगस्त 2017 को गिरफ्तार किया था। सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों भाइयों के कथित संबंधों की भी जांच की है।
वर्ष 2016 में ओडिशा से अल-कायदा से जुड़े अब्दुल रहमान कटकी की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई लोगों की गतिविधियां सुरक्षा एजेंसियों की जांच के दायरे में आई थीं। इसी क्रम में अर्शियान और उसके भाई की भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई गई।
चतरा का अबू सुफियान भी वांछित सूची में
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी सूची में झारखंड के चतरा जिले के टंडवा क्षेत्र के रहने वाले अबू सुफियान का नाम भी बताया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उस पर पश्चिम बंगाल, केरल और झारखंड के युवाओं को कथित तौर पर कट्टरपंथी बनाने और आतंकी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क में शामिल करने के आरोप हैं।
अबू सुफियान भी लंबे समय से फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश देश की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। झारखंड से दो नामों के सामने आने के बाद राज्य में सुरक्षा और खुफिया तंत्र की सक्रियता बढ़ गई है।
15 अगस्त से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली समेत देश के कई प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की वांछित आतंकियों की सूची में रियाज भटकल और इकबाल भटकल जैसे नामों के साथ झारखंड के अर्शियान और अबू सुफियान का नाम सामने आया है।
सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों, आतंकी नेटवर्क से जुड़े संभावित संपर्कों और ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। झारखंड में भी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए खुफिया तंत्र और स्थानीय पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से संदिग्ध गतिविधियों और संभावित मददगारों की जानकारी जुटाने पर जोर दिया जा रहा है।

