
लातेहार: जिले के महुआडांड़ प्रखंड स्थित खपरताला गांव में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। जंगल में खजूर तोड़ने गई नानी और उनके महज तीन साल के नाती पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। मधुमक्खियों के इस घातक हमले में दोनों की हालत गंभीर हो गई। दोनों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 24 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम और शोक की लहर है।
सोमवार को खपरताला गांव की दो महिलाएं अपने साथ तीन वर्षीय बच्चे को लेकर पास के जंगल में खजूर काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले मधुमक्खियों के बड़े झुंड ने तीनों को चारों तरफ से घेरकर डंक मारना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग मदद के लिए पहुंचे, तब तक तीनों बुरी तरह जख्मी हो चुके थे।
14 घंटे के अंतर पर थम गई नानी-नाती की सांसें
घटना के तुरंत बाद परिजन घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 48 वर्षीया सरबीत देवी और उनके तीन साल के नाती अयन राज मुंडा की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें गुमला रेफर कर दिया।
गुमला के अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ते हुए नानी सरबीत देवी ने सोमवार रात करीब 10 बजे आखिरी सांस ली। वहीं, गंभीर रूप से जिंदगी की जंग लड़ रहे मासूम अयन राज ने भी मंगलवार दोपहर 12 बजे दम तोड़ दिया। एक के बाद एक हुई इन दो मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना में घायल हुई दूसरी महिला को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

