
चाईबासा : झारखंड सरकार ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत JSLPS द्वारा संचालित आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आम सभा चक्रधरपुर प्रखंड के केन्दो पंचायत में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव मौजूद रहे। सभा में विशिष्ट अतिथि के रूप में इटोर पंचायत के मुखिया सोमनाथ कोया, केन्दो पंचायत की मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, JSLPS के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM), संकुल संघ की महिला पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी और बुजुर्ग शामिल हुए।
योजनाओं का लेखा-जोखा पेश किया गया
सभा के दौरान संगठन की ओर से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का पूरा लेखा-जोखा और प्रगति रिपोर्ट लाभार्थियों के सामने रखी गई। ग्रामीण महिलाओं को आजीविका से जोड़ने, महिला सशक्तिकरण और समूह के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने को लेकर किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
नशा कारोबार छोड़ स्वरोजगार की राह
नगर परिषद अध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि सबसे प्रेरणादायक क्षण महिलाओं के अनुभव रहे। कई महिलाओं ने बताया कि पहले वे हड़िया-दारू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करती थीं, लेकिन सरकार से मिले आसान ऋण और आजीविका सहयोग से उन्होंने खुद की दुकान और स्वरोजगार शुरू किया। महिलाओं ने कहा कि योजनाओं से जुड़ने के बाद न सिर्फ उनकी आर्थिक स्थिति सुधरी है, बल्कि समाज में उनका मान-सम्मान भी बढ़ा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और समूहों को मुख्य अतिथि सन्नी उरांव और अन्य अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि सन्नी उरांव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। JSLPS की योजनाओं से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। जो महिलाएं अवैध नशा कारोबार छोड़कर स्वरोजगार की ओर बढ़ी हैं, वे पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधि हमेशा महिलाओं के उत्थान के लिए उनके साथ खड़े हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Read Also Chaibasa News : देवेंद्र माझी का शहादत दिवस 14 अक्टूबर को, तैयारी में जुटा झामुमो

