Home » Chaibasa News : देवेंद्र माझी का शहादत दिवस 14 अक्टूबर को, तैयारी में जुटा झामुमो

Chaibasa News : देवेंद्र माझी का शहादत दिवस 14 अक्टूबर को, तैयारी में जुटा झामुमो

सोनुवा-गोइलकेरा में विधायक जगत माझी ने कार्यकर्ताओं संग की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : जल, जंगल और जमीन आंदोलन के पुरोधा शहीद देवेंद्र माझी के शहादत दिवस पर 14 अक्टूबर को गोइलकेरा हाट मैदान में आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा को लेकर झामुमो ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सोनुवा एवं गोइलकेरा के वन विश्रामागार में झामुमो प्रखंड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी मुख्य रूप से शामिल हुए।

बैठक के दौरान 19 सितंबर को खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की समीक्षा की गई। विधायक जगत माझी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया। इसके बाद 14 अक्टूबर को आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से श्रद्धांजलि सभा में अनुशासित तरीके से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए जिम्मेदार पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता सुबह 8 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएं। साथ ही उन्होंने ऐसे बुजुर्गों और पुराने साथियों को कार्यक्रम में शामिल कराने का प्रयास करने को कहा, जो शहीद देवेंद्र माझी के साथ आंदोलन में रहे हैं।

जगत माझी ने कहा कि शहादत दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि शहीद देवेंद्र माझी के विचारों और उनके संघर्ष को स्मरण करने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि पार्टी के जिस कार्यकर्ता या पदाधिकारी को जो जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसका शत-प्रतिशत निर्वहन करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि सभा को लेकर आगे भी बैठकें आयोजित की जाएंगी और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों एवं पंचायत अध्यक्षों ने भी अपने सुझाव रखे।

गोइलकेरा की बैठक में प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, सचिव अघना कंडुलना, जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मुखिया उदय चेरेवा, सुखमती बानरा और हरीश बोदरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं सोनुवा की बैठक में प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, डॉक्टर महतो, अजय किशोर दास, सोहन माझी, अमर सिंह चाकी, जानकी हेम्ब्रम, यदुपति प्रधान, संजय जामुदा, हरिनारायण दास, अमीन माझी, सुनील दास, रामप्रेस महतो सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Comment