Home » Jharkhand Police : सिपाही बनने का सुनहरा मौका, दो चरणों में होगी बहाली, मुख्यालय ने जिलों से मांगी खाली पदों की लिस्ट

Jharkhand Police : सिपाही बनने का सुनहरा मौका, दो चरणों में होगी बहाली, मुख्यालय ने जिलों से मांगी खाली पदों की लिस्ट

पुलिस मुख्यालय की तरफ से राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस इकाइयों के प्रमुखों को पत्र जारी कर खाली पड़े पदों का पूरा ब्योरा मांगा गया है।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​रांची : झारखंड में पुलिस सिपाही बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर है। राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय ने सिपाही संवर्ग में बड़े पैमाने पर बहाली की तैयारी तेज कर दी है। इस बार नियुक्ति प्रक्रिया को दो अलग-अलग चरणों में पूरा करने की योजना है। पहले चरण में कुल खाली पदों में से 50 फीसदी पदों को भरा जाएगा। इसके लिए पुलिस मुख्यालय की तरफ से राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस इकाइयों के प्रमुखों को पत्र जारी कर खाली पड़े पदों का पूरा ब्योरा मांगा गया है।

​आरक्षण और रोस्टर में न हो कोई गड़बड़ी

​गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि इस बार रिक्ति विवरण तैयार करने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे पहले भेजी गई रिक्तियों की जानकारी में कई तरह की गलतियां और कमियां पाई गई थीं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए इस बार बेहद सतर्कता बरती जा रही है।

​मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि रोस्टर क्लियरेंस की प्रक्रिया पूरी तरह सटीक हो, ताकि आगे चलकर आरक्षण या कानूनी प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। सभी जिलों और इकाइयों को हर हाल में अगले 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपनी होगी। रिपोर्ट मिलने के बाद जिलों में स्वीकृत पदों, मौजूदा रिक्तियों और आरक्षण कोटा का बारीकी से मिलान और समीक्षा की जाएगी।

​बैकलॉग और नियमित पदों का अलग-अलग हिसाब

​इस बार सिपाही भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। खाली पदों का हिसाब-किताब तैयार करते समय नियमित रिक्तियों के साथ-साथ बैकलॉग रिक्तियों को भी शामिल किया जाएगा।

​सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिले के उपायुक्त से रोस्टर क्लियरेंस कराने के बाद ही पूरी सूची मुख्यालय भेजने को कहा गया है। यह पूरी बहाली ‘झारखंड राज्य सिपाही संयुक्त भर्ती परीक्षा नियमावली, 2025’ और कार्मिक विभाग द्वारा समय-समय पर जारी आरक्षण एवं रोस्टर नियमों के तहत की जाएगी। रिपोर्ट आने के तुरंत बाद पहले चरण की भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन जारी होने की पूरी संभावना है।
Read Also:  JPSC Recruitment Scam: 80 नंबर बढ़ाने के लिए 5 लाख तो CDPO में चयन के लिए वसूले 20-20 लाख

Related Articles

Leave a Comment