Home » Potka News: पोटका की महिलाओं में आत्मनिर्भरता का जोश, संजीव सरदार ने बताया समूह से तरक्की का रास्ता

Potka News: पोटका की महिलाओं में आत्मनिर्भरता का जोश, संजीव सरदार ने बताया समूह से तरक्की का रास्ता

दोनों कार्यक्रमों में महिला संगठन की सदस्याओं और स्थानीय प्रतिनिधियों ने महिला समूहों को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पोटका प्रखंड के आसनबनी और कालिकापुर में आजीविका महिला संगठन समिति की ओर से JSLPS की बैठक आयोजित की गई। दोनों कार्यक्रमों में पोटका विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। उन्होंने महिला समूहों की सदस्यों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं, सुझावों व जरूरतों की जानकारी ली।

आसनबनी में आयोजित बैठक में विधायक ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनें और परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी अपनी भूमिका निभाएं, यही वास्तविक आत्मनिर्भरता है।

उन्होंने महिला समूहों से नियमित बचत करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और अपनी क्षमता व स्थानीय संसाधनों के आधार पर स्वरोजगार शुरू करने की अपील की। विधायक ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र महिलाएं इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं और अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ें।

समूह के जरिए नए अवसर तलाशने की अपील

संजीव सरदार ने कहा कि समूह में मिलकर काम करने से महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। छोटे स्तर पर शुरू किए गए व्यवसाय को सामूहिक प्रयास से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने महिला समूहों की सफलता के लिए नियमित बैठक, पारदर्शिता, बचत और आपसी सहयोग को जरूरी बताया।

कालिकापुर में भी महिलाओं से संवाद

कालिकापुर में आयोजित JSLPS बैठक में भी विधायक ने महिला संगठन की सदस्यों से बातचीत की। महिलाओं ने समूह से जुड़े अपने अनुभवों, समस्याओं और सुझावों को विधायक के सामने रखा। विधायक ने उनकी बातों को सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि जब महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है तो उसका सकारात्मक असर पूरे परिवार पर पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अपने हुनर और समूह की ताकत के जरिए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण विकास में महिला समूहों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। बचत, स्वरोजगार, छोटे उद्यम और सामूहिक आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं। दोनों कार्यक्रमों में महिला संगठन की सदस्याओं और स्थानीय प्रतिनिधियों ने महिला समूहों को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।

Read also – Jamshedpur News : NH पर अवैध पार्किंग करने वालों पर चला प्रशासन का डंडा, 72 वाहनों से वसूला 3.90 लाख जुर्माना

Related Articles

Leave a Comment