
रांची : झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के बड़े खेल आयोजन की गवाह बनने जा रही है। इस बार देश के कोने-कोने से आए पुलिस और सुरक्षा बलों के बेहतरीन तीरंदाज रांची की धरती पर अपनी सटीक निशानेबाजी का लोहा मनवाएंगे। खेलगांव होटवार परिसर में 22 से 26 अक्टूबर तक ’15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
साधेंगे निशाना, दिखाएंगे अनुशासन और धैर्य
पांच दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में राज्य पुलिस बलों के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बलों जैसे BSF, CRPF, ITBP आदि के शीर्ष खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
यह प्रतियोगिता केवल मेडल जीतने की जंग नहीं होगी, बल्कि जवानों के अनुशासन, गहरी एकाग्रता और मानसिक मजबूती का भी बड़ा इम्तिहान होगी।
मेजबानी के लिए झारखंड पुलिस ने कसी कमर
इस बड़े आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रही झारखंड पुलिस ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। देश भर से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने, खाने-पीने, सुरक्षा और आवागमन (ट्रांसपोर्ट) के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आयोजन को विश्वस्तरीय बनाने के लिए खेलगांव के मैदानों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतरीन माहौल मिल सके।
इस प्रतियोगिता के आयोजन से रांची के खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

