Home » Lohardaga Lightning Strike : लोहरदगा में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से झुलसे

Lohardaga Lightning Strike : लोहरदगा में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से झुलसे

घायलों को तत्काल उपचार के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

by Rakesh Pandey
Sky lighting
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले में शुक्रवार को वज्रपात ने कहर बरपाया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सदर अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

वज्रपात से एक साथ कई लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी।

खेत में काम कर रही महिला की हुई मौत

मृतकों में पहली महिला की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा निवासी कर्मा उरांव की 48 वर्षीय पत्नी घूरती उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घूरती उरांव खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बकरियां चराने गई महिला की भी गई जान

दूसरी घटना बगडू थाना क्षेत्र के चरहू गांव में हुई। यहां अजीज खान की 40 वर्षीय पुत्री असीदा खातून बकरियों को चराने के लिए खेत की ओर गई थी। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

आठ लोग गंभीर रूप से घायल

वज्रपात की इन घटनाओं में आठ अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा निवासी कर्मा उरांव, सुनील उरांव, अनिल उरांव, सोमनाथ उरांव, सोनमती देवी, नीतू कुमारी, महेंद्र मुंडा और सरस्वती देवी शामिल हैं।

कुछ घायलों की हालत गंभीर

सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल

एक साथ बड़ी संख्या में वज्रपात से प्रभावित लोगों के अस्पताल पहुंचने से सदर अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल सभी घायलों का इलाज शुरू किया और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

मौसम विभाग की चेतावनी- बरतें सतर्कता

झारखंड में मानसून के दौरान वज्रपात की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है। बारिश और गर्जना के समय सुरक्षित स्थान पर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Read Also- Hemant Soren Statement : रामगढ़ सड़क हादसे पर CM हेमंत सोरेन ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा

Related Articles

Leave a Comment