
Jamshedpur : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से तुलसी भवन के चित्रकूट कक्ष में साहित्यिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राहक हित, एमआरपी, ग्राहकीय बोध, पर्यावरण संरक्षण और महिला जागरूकता जैसे विषयों पर रचनाकारों ने कविता, गद्य और लघुकथा की प्रस्तुति देकर सामाजिक सरोकारों को साहित्य से जोड़ा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान दिवंगत साहित्यकार एवं शिक्षाविद् प्रो. डॉ. सिया रमन त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कुमार अमलेंदु ने अपने वक्तव्य के माध्यम से उन्हें भावांजलि दी। साहित्यिक संध्या में शहर की लेखिका डोली परिहार की पुस्तक ‘फ्रीडा’ का विमोचन अतिथियों ने किया। इस अवसर पर डोली परिहार ने कहा कि पुस्तकों की समीक्षा साहित्य और पुस्तक लेखन की परंपरा को जीवित रखने के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम में कुल 21 रचनाकारों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि केरला समाजम की पूर्व प्राचार्या राजन कौर और साहित्यकार सह संगठन के कर्मठ सदस्य अजय प्रजापति ने विचार रखे। राजन कौर ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति ने कहा कि राष्ट्रीय हित में साहित्य की भूमिका महत्वपूर्ण है। साहित्य के माध्यम से भी जनजागरण का कार्य निरंतर किया जाना चाहिए। अजय प्रजापति ने कहा कि ग्राहक पंचायत लोगों के हितों की रक्षा और शोषणमुक्त समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रहा है।
प्रांत अध्यक्ष डॉ. कल्याणी कबीर ने ग्राहक पंचायत के उद्देश्यों और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष एंजेल उपाध्याय, प्रांत पर्यावरण आयाम प्रमुख डॉ. अनीता शर्मा, महिला आयाम प्रमुख रूबी लाल, पूर्वी सिंहभूम महिला आयाम प्रमुख प्रीति सिंह, पर्यावरण आयाम प्रमुख कुमार अमलेंदु, विजयलक्ष्मी वेदुला, सुकुमार और वंदना कुमारी सहित अन्य की सक्रिय भूमिका रही। संचालन आरती शर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन रूबी लाल ने दिया।


