
चाईबासा : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत सोनुवा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान सोनुवा थाना क्षेत्र के बनुआ गांव निवासी सुचन्द्र प्रधान (45 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना सोनुवा स्टेशन परिसर में पोल संख्या 332/26 और 332/28 के बीच हुई। जानकारी के अनुसार सुचन्द्र प्रधान रायगढ़ से ट्रेन से सोनुवा लौट रहे थे। ट्रेन जैसे ही स्टेशन पर पहुंची, वे उतरने लगे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन स्टेशन पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि सुचन्द्र रोजगार के सिलसिले में रायगढ़ गए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे।
घटना की सूचना पर आरपीएफ के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लिया और जीआरपी को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस दुखद हादसे के बाद बनुआ गांव और सोनुवा क्षेत्र में शोक का माहौल है। रेल अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन से चढ़ने-उतरने से बचें और सावधानी बरतें।

