
Jamshedpur News : 1934 से चली आ रही टुईलाडुंगरी दुर्गा पूजा की परंपरा, भव्य पंडाल का सोमेश सोरेन और समीर मोहंती ने किया उद्घाटन
Jamshedpur : टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन और बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। वर्ष 1934 से निरंतर आयोजित हो रही इस दुर्गा पूजा की ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पंडाल को अनूठा स्वरूप दिया गया है। उद्घाटन समारोह में कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी, अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव, महासचिव दिनेश कुमार समेत कमिटी के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस वर्ष पूजा पंडाल की खासियत प्लास्टिक की बोतल, प्लेट, कटोरी, चम्मच, ग्लास सहित अन्य उपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल है। पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों ने इन वस्तुओं से आकर्षक पंडाल तैयार किया है। इसके जरिए रचनात्मकता के साथ वस्तुओं के पुनः उपयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया है। वहीं, ओडिशा के कुशल कारीगरों द्वारा निर्मित लगभग 20 फीट ऊंची मां दुर्गा की राजराजेश्वरी स्वरूप की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। चांदीपुर की आकर्षक विद्युत सजावट और पूजा परिसर में आयोजित भव्य मेला भी लोगों को आकर्षित कर रहा है।
सोमेश सोरेन ने दीं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं
उद्घाटन समारोह में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने कमिटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए पूजा महोत्सव की सफलता की कामना की।
समीर मोहंती ने सराहा कमिटी का प्रयास
बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने भी कमिटी के सदस्यों और शहरवासियों को दुर्गा पूजा की बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1934 से चली आ रही यह पूजा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोगों की अटूट धार्मिक आस्था का प्रतीक है। आकर्षक पंडाल और मां राजराजेश्वरी की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण हैं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के सुख, शांति और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की तथा शहरवासियों से सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर मां का आशीर्वाद लेने की अपील की।
राजू गिरी ने बताई पूजा की ऐतिहासिक परंपरा
कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी ने कहा कि टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की पूजा वर्ष 1934 से श्रद्धा और परंपरा के साथ आयोजित होती आ रही है। इस आयोजन को इतने वर्षों तक निरंतर आगे बढ़ाने में स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और कमिटी के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पंडाल की विशेष सजावट और मां राजराजेश्वरी की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण है। उन्होंने शहरवासियों से सपरिवार पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने की अपील की।
दिनेश कुमार ने सपरिवार आने का दिया आमंत्रण
कमिटी के महासचिव दिनेश कुमार ने कहा कि टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की पहचान वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा और आकर्षक पंडालों के लिए रही है। पूर्व में यहां गोवा के शांता दुर्गा मंदिर और देवघर के प्रसिद्ध नौलखा मंदिर सहित विभिन्न विषयों पर आधारित पंडालों का निर्माण कराया जा चुका है। इस वर्ष प्लास्टिक की उपयोगी वस्तुओं से पंडाल तैयार कर रचनात्मकता और पुनः उपयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि कमिटी का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को भव्य पंडाल, आकर्षक विद्युत सजावट, मां दुर्गा के दर्शन और मेले के माध्यम से यादगार अनुभव मिले। उन्होंने जमशेदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
वर्षों से धार्मिक सेवा कर रहे पुरोहित सम्मानित
उद्घाटन समारोह के दौरान वर्षों से पूजा-अर्चना और धार्मिक सेवा में योगदान देने वाले पंडित प्रदीप्त कुमार दास, पंडित निरंजन रथ और कृष्णा साहू को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। कमिटी ने उनके लंबे समय से जारी सेवा और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया।
कमिटी के सदस्यों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कमिटी के अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव ने की। मंच संचालन महासचिव दिनेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लाइसेंसी किशोर कुमार राजा ने प्रस्तुत किया।
उद्घाटन समारोह में मोहन कर्मकार, महावीर मुर्मू, अभिषेक सिंह, सतबीर सिंह, सोनू सिंह, डॉ. संजय गिरी और डिबर पूर्ति उपस्थित रहे।
पूजा आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष श्रीनू राव, लाइसेंसी किशोर कुमार राजा, उपाध्यक्ष प्रशांत गिरी, रंजीत गुप्ता, अजय कुमार, सतीश कुमार, राज कुमार सिंह, अमोद सिंह, सुनील कुमार चौधरी, बलकार सिंह, जितेंद्र साहू सहित कमिटी के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
अंत में टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी ने सभी श्रद्धालुओं और शहरवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचने, मां दुर्गा के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का आमंत्रण दिया।

