
जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के दो स्वयंसेवकों—निकोदिम हुन्नी पूर्ति एवं रवि राज पासवान—का चयन राष्ट्रीय एकीकरण शिविर के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित शिविर 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार (हरियाणा) में आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवक सांस्कृतिक आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इस उपलब्धि पर कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने दोनों स्वयंसेवकों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने का उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाने, विभिन्न संस्कृतियों को समझने और अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। दोनों स्वयंसेवकों के चयन से कोल्हान विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल है और पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
एनएसएस यूनिट-1 की कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कंचन कच्छप एवं यूनिट-2 की प्रो. जया जैकलिन तिर्की ने भी दोनों छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह मंच टीम भावना और संवाद कौशल विकसित करने का बेहतरीन अवसर देगा। विश्वविद्यालय की एनएसएस निदेशक डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हैं। यह शिविर युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता को निकट से जानने और आपसी भाईचारे को प्रगाढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने दोनों स्वयंसेवकों से अनुशासन और समर्पण के साथ भाग लेने तथा वहाँ के अनुभव साथी विद्यार्थियों से साझा करने की अपेक्षा जताई।

