
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद अंतर्गत वार्ड नंबर 19 स्थित बंगलाटांड के निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर है। गुरुवार को क्षेत्र में एक नए पीसीसी पथ निर्माण कार्य का औपचारिक शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और स्थानीय वार्ड पार्षद जहां आरा ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर इस विकास कार्य का शुभारंभ किया। यह नई सड़क मास्टर अनिन के घर से शुरू होकर छोटन के घर से गुजरते हुए नरेश पोद्दार के मकान तक बनाई जाएगी। लंबे समय से इस मार्ग की बदहाल स्थिति से जूझ रहे स्थानीय लोगों को सड़क बनने से आवागमन में काफी सुगमता होगी।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के हर वार्ड में जनआवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली और मूलभूत बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बंगलाटांड में इस पीसीसी पथ के बन जाने से राहगीरों और निवासियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और काम निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
बरसात के जलजमाव और कीचड़ से मिलेगी मुक्ति
वहीं, वार्ड पार्षद जहां आरा ने बताया कि बंगलाटांड के ग्रामीण काफी समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। इस पीसीसी मार्ग के बनने से विशेष तौर पर मानसून के दौरान जलजमाव और कीचड़ से होने वाली परेशानियों का स्थाई समाधान हो जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की।
स्थानीय नागरिक रहे मौजूद
इस अवसर पर दानिश जेब, काजू खान, शेख हसन, अमजद खान, मोहम्मद सोहेल,नौशाद आलम, तौसीफ आलम, सोनू उर्फ फतेह अली खान, मोहम्मद हैदर अली खान, मोहम्मद फरदीन हुसैन और जाकिर अंसारी सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।

