
Lohardaga : सदर थाना क्षेत्र के बाघा और हिरही स्कूल जोबला टोली के बीच कोयल नदी से शनिवार को एक महिला का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला की पहचान रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र के बदरी ताला गांव निवासी दिनेश उरांव की पत्नी सुको उरांव के रूप में हुई है। वह गुरुवार से लापता थी। शव मिलने की सूचना पर स्वजनों में मातम पसर गया। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार दोपहर कोयल नदी में महिला का शव बहता हुआ दिखाई दिया था। नदी में तेज बहाव और दुर्गम स्थिति के कारण उस समय शव को बाहर नहीं निकाला जा सका।
शनिवार को स्थानीय लोगों और ड्रोन कैमरे की मदद से पुलिस ने कोयल नदी में शव की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान पत्थरों के बीच फंसा शव दिखाई दिया। इसके बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचना दी गई। सूचना पर सदर थाना के एएसआइ कुलदीप राज टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकीदार समसुल अंसारी और ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया।
रिश्तेदार के घर जाने के बाद गायब
परिजनों के अनुसार सुको उरांव गुरुवार को कुडू थाना क्षेत्र के उमरी गांव स्थित रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थीं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद स्वजनों ने महिला के लापता होने की लिखित सूचना थाने में दी थी। इसी बीच कोयल नदी में शव मिलने की सूचना ने परिवार को झकझोर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा। एएसआइ अल्बीना लकड़ा की मौजूदगी में शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस महिला के नदी तक पहुंचने की परिस्थितियों समेत पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

