
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को एएनएम और जीएनएम संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुई। जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय की खैरियत रिपोर्ट के अनुसार, जिले में कुल 3,725 अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए थे। इनमें से 3,183 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 542 अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल उपस्थिति 85.45% रही।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की निगरानी में परीक्षा सुचारू रूप से संचालित हुई और किसी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की सूचना नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार, पूरी परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रही।
एएनएम में 2,057 अभ्यर्थी हुए शामिल
एएनएम परीक्षा जिले के पांच केंद्रों पर आयोजित की गई। कुल 2,464 अभ्यर्थियों में से 2,057 ने परीक्षा दी, जबकि 407 अनुपस्थित रहे। करीम सिटी कॉलेज, मानगो में सर्वाधिक 827 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। आदिवासी प्लस-2 हाई स्कूल, सीतारामडेरा में 402, टाटा वर्कर्स प्लस-2 हाई स्कूल, कदमा में 330, सीएम एसओई बालिका, साकची में 257 और पीपुल्स एकेडमी, न्यू बाराद्वारी में 241 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
जीएनएम में 1,126 परीक्षार्थी उपस्थित
जीएनएम परीक्षा तीन केंद्रों पर हुई। कुल 1,261 आवंटित अभ्यर्थियों में से 1,126 उपस्थित रहे और 135 अनुपस्थित पाए गए। करीम सिटी कॉलेज में 425, आदिवासी प्लस-2 हाई स्कूल में 355 तथा टाटा वर्कर्स प्लस-2 हाई स्कूल में 346 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

