
Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के जेवरात, दो वजन मशीन, वीवो कंपनी का मोबाइल, बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल बरामद किया गया है।
सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 19 अगस्त की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात अपराधियों ने बंद गोल्डेन ज्वेलरी दुकान के शटर का ताला तोड़कर करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात और वजन करने वाली मशीनों की चोरी कर ली थी। इस संबंध में बागबेड़ा थाना कांड अगस्त को बीएनएस की धारा 334(1)/305(ए) के तहत दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गाराबासा निवासी गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38) और पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र निवासी श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो (55) हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि आरोपियों को इतना मौका पुलिस ने नहीं दिया कि वह चोरी का यह सामान बेच सके या फिर गला कर इसका स्वरूप बदल सके।
ये सामान हुआ बरामद
बरामद चांदी के जेवरात का कुल वजन करीब 1.5 किलोग्राम है। इनमें 36 लॉकेट, 134 अंगूठियां, 6 मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, 9 पायल, 15 मोती की मालाएं, 3 चेन, 13 राखियां, 2 चांदी के सिक्के, 4 चांदी के गदा, कान्हा की एक चांदी की बांसुरी, एक बाजूबंद, 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 6 लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, 4 शंखा पोला, 2 जोड़ी कड़ा, चांदी के घुंघरू, एक अन्य चांदी का सामान और टूटे हुए चांदी के कुल 56 टुकड़े शामिल हैं। इसके अलावा दो वजन मशीन, वीवो कंपनी का एक मोबाइल, एक बड़ा बोल्ट कटर और एक लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया है।
छापेमारी दल में ये लोग रहे शामिल
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, जेवियर होरो, अरुण कुमार, सुनील कुमार यादव, संदीप कुमार साह, सशस्त्र बल और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे।

