
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी अनुसंधान कर सभी थाना क्षेत्रों से कुल 33 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में की गई। बरामद मोबाइल फोन को मंगलवार को उनके वास्तविक धारकों को विधिवत लौटाया गया। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टूटी और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पूजा कुमारी मौजूद रहीं।
मोबाइल वापस पाकर धारकों में खुशी, पुलिस के प्रति जताया आभार
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर सभी धारकों ने खुशी जाहिर की और चाईबासा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर पुलिस पदाधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि आमजनों से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत अपने नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं और संचार साथी ऐप पर भी खुद से शिकायत दर्ज करें, ताकि समय पर तकनीकी कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।
पुलिस ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में ऐसे मामले सामने आए हैं जहां दूसरे जिलों से गिरोह बनाकर चोर बाजार-हाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी कर दूसरे राज्यों में बेच देते हैं। इसलिए बाजार और भीड़भाड़ वाली जगहों पर अपने मोबाइल और कीमती सामान को संभाल कर रखें।
जरूरी हेल्पलाइन नंबर
– एम्बुलेंस सेवा – 108
– पुलिस हेल्पलाइन (आपातकालीन) – 112
– साइबर अपराध हेल्पलाइन – 1930
– घरेलू हिंसा हेल्पलाइन – 181
– महिला हेल्पलाइन – 1091
– बाल सहायता हेल्पलाइन – 1098
Read Also Chaibasa News : तीन साल पहले बनी सड़क का फिर निकल गया टेंडर, सीएम से की गई शिकायत

