Home » Potka News: पोटका के चार +2 विद्यालयों में बनेंगी साइंस लैब, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

Potka News: पोटका के चार +2 विद्यालयों में बनेंगी साइंस लैब, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में विधायक संजीव सरदार को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत पोटका प्रखंड के चार अपग्रेड गवर्नमेंट +2 विद्यालयों में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की प्रयोगशालाएं बनेंगी। सोमवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने हल्दीपोखर स्थित अपग्रेड गवर्नमेंट +2 विद्यालय में प्रयोगशाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसी दौरान जादूगोड़ा, मानपुर और सानग्राम स्थित +2 विद्यालयों में बनने वाली विज्ञान प्रयोगशालाओं का भी संयुक्त रूप से शिलान्यास किया गया।

 विधायक को देख छात्रों में दिखा खासा उत्साह

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में विधायक संजीव सरदार को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विधायक का स्वागत किया और उन्हें घेरकर तस्वीरें खिंचवाईं। छात्र-छात्राओं ने विधायक से बातचीत कर अपनी समस्याएं भी साझा कीं।

 छात्रों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

विद्यालय से जुड़ी समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने मौके पर ही संबंधित लोगों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई और समाधान के निर्देश दिए। अन्य समस्याओं के जल्द निराकरण का भी आश्वासन दिया। विधायक ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने की अपील की।

शिक्षक दिवस पर फिर विद्यालय आने का किया वादा

छात्रों के उत्साह और आग्रह को देखते हुए विधायक संजीव सरदार ने उनसे आगामी 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर एक बार फिर विद्यालय आने का वादा किया। उन्होंने कहा कि वे उस दिन विद्यार्थियों के साथ समय बिताएंगे। विधायक के इस आश्वासन से छात्र-छात्राओं में खुशी देखने को मिली।

 विज्ञान की पढ़ाई को मिलेगी नई मजबूती

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की आधुनिक प्रयोगशालाएं बनने से विद्यार्थियों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ प्रयोगात्मक ज्ञान भी मिल सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान की बेहतर पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि गांवों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध हो सकें।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र कुमार, शिक्षिका कुमारी गीता, संजू शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Comment