
Ghatshila : अंचल के सीआई लखिन्द्र मांझी के साथ मारपीट के मामले को लेकर पिछले पांच दिनों से चल रहे अंचल कर्मियों के आंदोलन पर सोमवार को फिलहाल विराम लग गया। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्धारित समय सीमा में एसआईआर का कार्य पूरा करने को लेकर कर्मियों ने आंदोलन के तरीके में बदलाव किया है। अब अंचल कर्मी काला बिल्ला लगाकर विरोध जताएंगे और केवल एसआईआर से संबंधित कार्य करेंगे।
कर्मियों ने कहा कि एसआईआर का कार्य निर्वाचन से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है। वहीं, अंचल के अन्य कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा। कर्मियों ने स्पष्ट किया कि सीआई के साथ मारपीट के मामले में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार, पांच दिन पूर्व घाटशिला रेलवे स्टेशन के समीप एक होटल में सीआई लखिन्द्र मांझी के साथ मारपीट की घटना हुई थी। मामले में सीआई की ओर से नवाबकोठी निवासी मो. जावेद के खिलाफ घाटशिला थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, मो. जावेद की ओर से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है।
घटना के बाद अंचल कर्मियों ने लगातार पांच दिनों तक प्रखंड कार्यालय में धरना-प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सोमवार को झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर में उपायुक्त से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की।
इधर, घटना के पांच दिन बाद भी आरोपी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं होने से अंचल कर्मियों में नाराजगी है। कर्मियों ने कहा कि एसआईआर कार्य को छोड़कर अंचल के अन्य कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा और काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
Read Also: Ghatshila News : सीएनजी टेंपो और बाइक की टक्कर में 18 वर्षीय युवक घायल, एमजीएम रेफर

