
रांची : आंखों में बड़े-बड़े सपने लेकर घर से दूर पढ़ने आए एक युवा का सफर यूं अचानक थम जाएगा, किसी ने नहीं सोचा था। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित राजाउलातू इलाके में झारखंड राय यूनिवर्सिटी के एक छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद से यूनिवर्सिटी परिसर से लेकर छात्र के पैतृक गांव तक मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो हजारीबाग जिले के पेटो गांव के रहने वाले हुसैनी साव के बेटे थे। मनीष झारखंड राय यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहे थे और कैंपस के पास ही किराए के मकान में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे थे।
अकेलापन और खौफनाक खामोशी
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मनीष जिस कमरे में रहते थे, वहां उनके साथ एक अन्य छात्र भी रहता था। हालांकि, कुछ दिनों पहले रूममेट किसी काम से बाहर चला गया था, जिसके चलते मनीष पिछले कुछ दिनों से उस कमरे में अकेले ही रह रहे थे।
बुधवार की सुबह जब काफी देर तक मनीष के कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आहट नहीं आई, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। जब अंदर झांककर देखा गया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई -मनीष का शव फंदे से लटक रहा था।
वजह अब भी अनसुलझी पहेली
घटना की खबर मिलते ही नामकुम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। हालांकि, छात्र ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस अब मनीष के दोस्तों, सहपाठियों और उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स को खंगाल रही है ताकि इस दुखद हादसे के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

