
Jamshedpur : कदमा निवासी 32 वर्षीय कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अपराधियों ने निखार के शरीर में कुल 12 गोलियां उतार दी थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि दो अपराधियों ने दोनों तरफ से बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हत्या का पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरों में कैद हो गया है, जिसमें दो संदिग्ध हमलावर साफ दिखाई दे रहे हैं।
निखार सबलोक की हत्या सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में स्थित होटल टेंथ माइल्स के बाहर की गई थी। बताया जा रहा है कि निखार अपने कारोबार से जुड़ी एक बैठक के बाद होटल से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें घेरकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पोस्टमार्टम के दौरान निखार के शरीर पर 12 गोलियों के निशान मिले। जांच के अनुसार, कनपट्टी के दोनों ओर दो-दो गोलियां, गर्दन में एक गोली, पेट में एक गोली, पीठ में दो गोलियां और दोनों कंधों पर दो-दो गोलियां मारी गई थीं। शरीर पर गोलियों के निशान से यह भी स्पष्ट हुआ है कि हमलावरों ने बेहद करीब से दोनों तरफ से फायरिंग की थी। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर गोली लगने के कारण निखार की मौत हो गई। पुलिस को मामले की जांच के दौरान तीन अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इन फुटेज में दो संदिग्ध अपराधी साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि चेक पैंट और सफेद चेक शर्ट पहने एक हमलावर ने सबसे अधिक गोलियां चलाईं। उसके साथ मौजूद दूसरे अपराधी ने भी फायरिंग की, हालांकि उसके द्वारा चलाई गई गोलियों की संख्या कम बताई जा रही है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस हत्या के पीछे के कारणों के साथ ही अपराधियों के नेटवर्क और उनकी फरारी में मदद करने वालों की भी जांच कर रही है। इधर, मंगलवार को निखार सबलोक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके पिता संजीव सबलोक उर्फ राजा ने बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर उन्हें मुखाग्नि दी। निखार सबलोक अविवाहित थे। अंतिम संस्कार से पहले उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए टीएमएच से एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया था।

