
Jamshedpur : छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय के प्रांगण में प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए मानसून बोनांजा-2026 का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे और उत्सवपूर्ण माहौल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव एवं मुख्य अतिथि एलन किम जोसेफ ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मोनालिशा घोष विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।
कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत और विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और उमंग से भर दिया। अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना की।
मुख्य अतिथि एलन किम जोसेफ ने कहा कि बच्चे भले ही छोटे हों, लेकिन उनकी कल्पनाशक्ति, ऊर्जा और प्रयास बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकते हैं। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखने के साथ प्रकृति और समाज के प्रति संवेदनशील बनने, टीम भावना विकसित करने तथा जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश था कि दुनिया में कोई भी व्यक्ति इतना छोटा नहीं है कि वह बदलाव न ला सके। प्रत्येक व्यक्ति का अपना महत्व है और उसका छोटा-सा प्रयास भी समाज एवं पर्यावरण पर सार्थक प्रभाव डाल सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को टीमवर्क, जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का महत्व समझाया गया।
विद्यालय की प्राचार्य अवधेश सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों के अथक प्रयासों तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग की सराहना की।


