
जमशेदपुर : क्या झारखंड के एक मात्र महिला विश्वविद्यालय में सबकुछ ठीकठाक नहीं चल रहा है? दरअसल यह सवाल खड़ा हुआ है जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ ईला कुमार और परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रमण्य के बीच सामने आए गहरे मतभेद के बाद। द फोटोन न्यूज़ को मिली जानकारी के अनुसार डॉ. रमा सुब्रमण्य ने परीक्षा नियंत्रक (सीओई) के पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा उन्होंने डीन, वोकेशनल कोर्सेज के पद से भी इस्तीफा दिया है। दोनों जिम्मेदारियां उन्हें कुलाधिपति द्वारा अधिसूचित आदेश के तहत मिली थीं। हालांकि द फोटोन न्यूज़ को दिए गए अपने आधिकारिक बयान में डा रमा ने इस्तीफा देने की बात से इन्कार किया है। वहीं कुलपति का दावा है कि उन्होंने अब तक आधिकारिक पत्र नहीं देखा है।
सूत्रों के अनुसार विवाद की प्रमुख वजह डॉ. रमा सुब्रमण्य के प्रमोशन के बाद वेतन निर्धारण (पे फिक्सेशन) में हो रही देरी बताई जा रही है। उनका प्रमोशन झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से स्वीकृत होने के बाद कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा अधिसूचित किया जा चुका है। इसके बाद जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में प्रमोशन के क्रियान्वयन और परिणामी वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होनी थी, जो अब तक लंबित है। मालूम हो कि डॉ. रमा सुब्रमण्य 1993 बैच की वरिष्ठ शिक्षिका हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में तीन दीक्षांत समारोह सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनके इस्तीफे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली और निर्णय प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
अप्रैल से वेतन निर्धारण का मामला लंबित
बताया जा रहा है कि अप्रैल 2026 से उन्हें वेतन निर्धारण जल्द किए जाने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन मामला अब तक लंबित है। वहीं, 23 मार्च 2026 को पदभार ग्रहण करने के करीब एक माह बाद कुलपति का वेतन निर्धारण किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसे लेकर विश्वविद्यालय में सवाल उठ रहे हैं। डॉ. रमा सुब्रमण्य ने 8 सितंबर को प्रस्तावित चौथे दीक्षांत समारोह के सम्मान कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का निर्णय भी लिया है। हालांकि, इस्तीफे और कार्यक्रम से दूरी बनाने के फैसले से उन्होंने इनकार किया है।
परीक्षा नियंत्रक रामा सुब्रमण्यम के इस्तीफे के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। अब तक ऐसा कुछ मेरे सामने नहीं आया है। अगर इस्तीफा दिया होगा तो हो सकता है मेरे डाक पैड में हो। पे फिक्सेशन के बारे में रजिस्ट्रार से पूछिए। यहां किसी शिक्षक या कर्मचारी पर कोई दबाव नहीं है। -डॉ ईला कुमार, वीसी, जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी
हमने इस्तीफा नहीं दिया है। हमारा पे फिक्सेशन की प्रक्रिया चल रही है। कहीं कोई दिक्कत की बात नहीं है। -डॉ रामा सुब्रमण्यम,परीक्षा नियंत्रक
Read Also: East Singhbhum : एएनएम-जीएनएम प्रवेश परीक्षा में 85.45% अभ्यर्थी उपस्थित, 3,183 ने दी परीक्षा


