
Jamshedpur : उलिडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित जगदंबा होटल के समीप शर्मा लाइन इलाके में रविवार सुबह चेन छिनतई की घटना से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने पूजा करने जा रही महिला के गले से करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
घटना रविवार सुबह करीब 9:10 से 9:25 बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़िता की पहचान कांति देवी के रूप में हुई है। वह अपनी छोटी बहू पूजा शर्मा के साथ शर्मा लाइन में पूजा करने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। परिजनों के अनुसार, बदमाश कांति देवी के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। छिनी गई चेन की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है। बताया गया कि पूजा शर्मा लगभग रोज इसी रास्ते से पूजा करने जाती हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों आरोपी हेलमेट पहने हुए थे और ब्लू रंग की अपाचे बाइक पर सवार थे। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर उलिडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


