
चाईबासा : सावन के चतुर्थ रविवार को पश्चिमी सिंहभूम के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा महादेवशाल धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 3 बजे से ही बाबा के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। हजारों शिवभक्तों ने कतार में खड़े होकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा।
मान्यता है कि महादेवशाल धाम में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। इसलिए सावन के महीने में यहां झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। चतुर्थ रविवार को लेकर मंदिर समिति द्वारा विशेष तैयारी की गई थी। गर्भगृह को फूलों और लाइट से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति और जिला प्रशासन की ओर से पेयजल, शेड, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गई थी, जिससे जलाभिषेक में किसी को परेशानी न हो।
इस दौरान कई जगहों से आए कांवरियों ने नजदीकी नदी और जलाशयों से जल भरकर पैदल यात्रा कर बाबा को जल अर्पित करने का शुरू हो गया। जो सोमवार को जल चढ़ाएंगे। इधर देर शाम तक मंदिर में भक्तों का आना-जाना लगा रहा। पुजारियों के अनुसार चतुर्थ रविवार को पिछले सभी रविवारों की तुलना में अधिक भीड़ रही।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से जलाभिषेक संपन्न हुआ। प्रशासन के सहयोग से पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।


