
रामगढ़ : बरकाकाना स्थित हेहल स्पंज आयरन फैक्टरी के पावर प्लांट में टरबाइन धमाके के बाद स्थिति बेकाबू हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में 3 इंजीनियरों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों, मजदूरों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है, जिससे पूरे इलाके में तनाव पसर गया है।
हर पीड़ित परिवारों के लिए मांगे 2 करोड़
घटना की खबर मिलते ही बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी फैक्टरी के मुख्य गेट पर पहुंचे और परिजनों संग अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि महज कागजी जांच से काम नहीं चलेगा। विधायक ने प्रति मृतक परिवार को कम से कम 1.5 से 2 करोड़ रुपये मुआवजा देने और छोटे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन द्वारा उठाए जाने की मांग रखी है।
सभी औद्योगिक इकाइयों की हो सुरक्षा जांच
लापरवाही के आरोप: उन्होंने कहा कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। बिना पुख्ता इंतजाम के औपचारिकता निभाकर एनओसी देने वाले अधिकारियों की भी जांच होनी चाहिए। विधायक ने केवल इसी प्लांट नहीं, बल्कि पूरे रामगढ़ जिले की औद्योगिक इकाइयों की उच्चस्तरीय सुरक्षा जांच कराने की वकालत की है।

पतरातू-रामगढ़ मुख्य मार्ग को किया जाम
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने पतरातू-रामगढ़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है और प्लांट परिसर के बाहर नारेबाजी जारी है। मजदूरों का कहना है कि काम के दौरान सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, जिसमें प्रबंधन पूरी तरह विफल रहा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस-प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा है, लेकिन फैक्टरी प्रबंधन की ओर से कोई वार्ता न होने के कारण गतिरोध बरकरार है।
Read Also: Saraikela Double Murder: कांड्रा में अपहरण करने के बाद दो युवकों की बेरहमी से हत्या

