Home » Badminton Championship : बैडमिंटन चैंपियनशिप में अंडर-11 से अंडर-17 आयु वर्ग के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, जानें कब और कैसे करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

Badminton Championship : बैडमिंटन चैंपियनशिप में अंडर-11 से अंडर-17 आयु वर्ग के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, जानें कब और कैसे करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

चाईबासा में 26 अक्टूबर से सजेगा बैडमिंटन का मैदान, सातवीं अविरल मेमोरियल अंतर-विद्यालय चैंपियनशिप का होगा आयोजन 

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से सातवीं अविरल मेमोरियल पश्चिम सिंहभूम अंतर-विद्यालय बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 26 से 28 अक्टूबर तक चाईबासा के बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष सह पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के आदेशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता को मधुसूदन विद्यालय, आसनतलिया, चक्रधरपुर और डॉ. सी.ए. ट्रस्ट प्रायोजित कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिकाओं के अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्गों में एकल एवं युगल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पश्चिम सिंहभूम जिले के किसी भी विद्यालय में नियमित रूप से अध्ययनरत संबंधित आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं इसमें भाग ले सकते हैं।

एक खिलाड़ी तीन इवेंट में ले सकेगा भाग

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, एक खिलाड़ी अधिकतम दो आयु वर्गों में कुल तीन इवेंट में हिस्सा ले सकता है। प्रारंभिक चरण के मुकाबले 21 अंकों के एक सेट में खेले जाएंगे, जबकि क्वार्टर फाइनल से आगे के मुकाबले 15 अंकों के तीन सेट में होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के साथ कोच एवं टीम मैनेजर का होना अनिवार्य है।

22 अक्टूबर तक जमा करें प्रविष्टि

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक विद्यालयों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाली प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। विद्यालयों के प्राचार्य, खेल शिक्षक एवं प्रशिक्षक निर्धारित समय सीमा के भीतर व्हाट्सएप के माध्यम से या पश्चिम सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के कार्यालय, बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम, चाईबासा में पहुंचकर प्रविष्टियां जमा कर सकते हैं।

28 अक्टूबर को होगा फाइनल मुकाबला

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम, चाईबासा में खेला जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि मधुसूदन विद्यालय, आसनतलिया, चक्रधरपुर एवं डॉ. सी.ए. ट्रस्ट पिछले सात वर्षों से इस प्रतियोगिता को प्रायोजित करते आ रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रत्येक वर्ष जिले के लगभग 12 से 15 विद्यालयों के करीब 120 खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में बैडमिंटन के प्रति रुचि बढ़ाना और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है।

Read Also Chaibasa News : चक्रधरपुर में ब्‍लॉक-अंचल ऑफिस परिसर की होगी घेराबंदी, विधायक ने की नींव पूजा

Related Articles

Leave a Comment