
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना अंतर्गत डुमिरता गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। गत बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को इस अभियान को अंजाम दिया गया, जिसमें पुलिस ने एक आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की है, जबकि तीन कथित शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर हुआ खुलासा
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को विशेष सूचना मिली थी कि डुमिरता गांव के एक आवासीय परिसर में अवैध रूप से भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए, पश्चिमी सिंहभूम चााईबासा के पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष संयुक्त छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमिरता गांव में चिन्हित घर पर छापा मारा।
भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद
छापामारी के दौरान पुलिस ने आरोपी राजकुमार महतो उर्फ बिटान उम्र 33 वर्ष के आवास से अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की।
पुलिस ने मौके से ये शराब जब्त की
रॉयल मेंशन व्हिस्की: 750 एमएल की 276 बोतलें कुल 23 पेटी,किंग गोल्ड व्हिस्की: 10 बोतलें कुल 1 पेटी,ब्लैक टाइगर व्हिस्की, 60 बोतलें कुल 5 पेटी इस प्रकार कुल मिलाकर 346 बोतल अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है।
एक गिरफ्तार, तीन तस्करों की तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य संदिग्ध राजकुमार महतो उर्फ बिटान को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य कथित तस्कर किशोर साहु उर्फ पुचिया, राजेश प्रसाद और राउरकेला निवासी एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
छापामारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में मनोहरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, सहायक अवर निरीक्षक कौशलेन्द्र कुमार के साथ-साथ सेट (SAT) बल और जिला बल के जवान प्रमुख रूप से शामिल थे।

