
Jamshedpur : चौरसिया समाज, जमशेदपुर की ओर से रविवार को नागपंचमी उत्सव सह चौरसिया दिवस का आयोजन किया गया। समाज भवन स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की एकजुटता को मजबूत करने के साथ अपनी परंपरा, संस्कृति और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नागदेवता की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने नागपंचमी एवं चौरसिया दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज की एकता और सामाजिक विकास को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक संगठन की मजबूती के लिए सभी लोगों को मिलकर कार्य करने की जरूरत है। समाज के बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार और अपनी संस्कृति से जोड़ना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग एवं एकजुटता के माध्यम से समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले समाज के प्रतिभाशाली लोगों एवं बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामाजिक उत्थान, शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में आगे भी निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
आयोजन को सफल बनाने में चौरसिया समाज, जमशेदपुर के अध्यक्ष नागेश्वर वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष रविभूषण प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार चौरसिया, महामंत्री महेश प्रसाद चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

