
Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए डकैती की घटना को अंजाम दिया। चांडिल थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर बस स्टैंड के पास स्थित पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में देर रात 7 से 8 नकाबपोश हथियारबंद बदमाश घुस गए। अपराधियों ने परिवार के सभी सदस्यों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया और घर में रखे नकद रुपये व आभूषण लूटकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात सभी बदमाश घर के मुख्य रास्ते से अंदर दाखिल हुए। घर में घुसते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद घर में रखे नकद और आभूषणों की लूटपाट की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों से लूटे गए आभूषणों और अन्य सामानों का पूरा ब्योरा लिया जा रहा है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हालांकि, लूटे गए नकद और आभूषणों की कुल कीमत का अभी खुलासा नहीं हुआ है। चांडिल थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है और वे पुलिस गश्ती को लेकर चिंता जता रहे। बताया जा रहा है कि सुरेश चौधरी ने पहले आभूषण की दुकान खोल रखी थी। बाद में उनकी दुकान बंद हो गई और सारे आभूषण घर पर ही थे।

