
बोकारो : चास अंचल कार्यालय के अंचल अधिकारी सेवाराम साहू पर गाज गिरी है। जिला प्रशासन ने उन्हें तुरंत प्रभाव से पद से हटाते हुए निलंबित कर दिया है। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने इस निलंबन की आधिकारिक पुष्टि की है। आदेश जारी होते ही सीओ सेवाराम साहू को उनके पद से जुड़े सभी काम-काज और जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह सख्त कदम किसी पुराने मामले की जांच के आधार पर उठाया गया है। हालांकि, उपायुक्त कार्यालय की तरफ से अभी तक उस विशिष्ट मामले का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया है। सस्पेंशन के साथ ही सेवाराम साहू के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
दफ्तर में हंगामा और विवादों से रहा है नाता
हाल के दिनों में चास अंचल कार्यालय काफी चर्चा में रहा है। कुछ ही दिन पहले बिजुलिया पंचायत के भोक्ताडीह गांव से रास्ता विवाद की समस्या लेकर आए स्थानीय युवाओं और सीओ सेवाराम साहू के बीच तीखी बहस हो गई थी। देखते ही देखते अंचल कार्यालय में काफी हंगामा खड़ा हो गया था। बात इतनी बढ़ गई थी कि चास थाने की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा, जिसने पांच स्थानीय युवकों आशीष कुमार, विश्वजीत, राहुल, महाराज और विवेक भोक्ता को हिरासत में ले लिया था।
युवकों का आरोप था कि उपायुक्त दफ्तर से रास्ते के समाधान से जुड़ा एक ई-मेल सीओ को भेजा गया था। जब वे इसी ई-मेल का हवाला देकर अपनी फरियाद सुनाने पहुंचे, तो अंचल अधिकारी भड़क गए और मामला बिगड़ गया। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हालिया निलंबन एक पुराने विभागीय मामले से जुड़ा है, इसलिए इस विवाद को सीधे निलंबन का मुख्य कारण नहीं माना जा सकता।
कार्रवाई के बाद अब चास अंचल का काम-काज प्रभावित न हो, इसके लिए जल्द ही किसी नए अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपा जा सकता है। फिलहाल सस्पेंड हुए सीओ सेवाराम साहू का पक्ष सामने नहीं आ सका है।
Read Also: JSSC CGL पेपर लीक मामले में सीआईडी को बड़ी सफलता, बोकारो से मास्टरमाइंड सुरेश राय गिरफ्तार

