
Jamshedpur : दुर्गा पूजा और आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को गोलमुरी पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों ने आपात स्थिति और भीड़ के उग्र होने जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल में सामान्य पुलिस बल के साथ आर्म्ड पार्टी और लाठी पार्टी के जवान भी शामिल हुए। अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमों ने भीड़ का रूप धारण कर संभावित तनावपूर्ण स्थिति तैयार की। इसके बाद पुलिस बल ने ऐसी परिस्थितियों को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
वाटर कैनन और दंगा नियंत्रण वाहनों की जांच
मॉक ड्रिल के दौरान वाटर कैनन, दंगा नियंत्रण वाहन और अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने इन संसाधनों की कार्यक्षमता जांचने के साथ ही आपात स्थिति में उनके त्वरित और प्रभावी इस्तेमाल का अभ्यास भी किया।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पूजा और पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही और भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पहले से तैयार रखना जरूरी है। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना है।
पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की तैयारी
जमशेदपुर पुलिस का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना है। इसके लिए पुलिस बल की तत्परता, संसाधनों के इस्तेमाल और भीड़ नियंत्रण की क्षमता को परखा जा रहा है।
पुलिस प्रशासन की कोशिश है कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे तथा श्रद्धालुओं को पूजा-पंडालों में आने-जाने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

