
Gumla / Jamshedpur : जिला कांग्रेस कमिटी, गुमला के तत्वावधान में शनिवार को भारतीय लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के उद्देश्य से मार्च निकालकर काला दिवस मनाया गया। जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजनील तिग्गा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जमशेदपुर निवासी लोहरदगा के लोकसभा प्रभारी अशोक चौधरी एवं सह प्रभारी विजय खाँ सहित कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन, संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग तथा जनता की आवाज दबाने के प्रयासों पर चिंता व्यक्त की। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर और हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण मार्च निकाला।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता विजय खाँ ने कहा कि देश का लोकतंत्र आज गंभीर खतरे का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी तथा आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता तथा आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों, पूर्व विधायक, जिले के सभी प्रखंड कांग्रेस अध्यक्षों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं सेवादल के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

