
देवघर: देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को बाबा नगरी देवघर पहुंचे। यहां वे एम्स (AIIMS) देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत उपराष्ट्रपति ने पारंपरिक रूप से दीप जलाकर की। वे अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके मेडिकल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगे।
इससे पहले, विशेष विमान से देवघर हवाई अड्डा पहुंचने पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने उपराष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह के इस खास मौके पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और स्थानीय विधायक सुरेश पासवान समेत कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
एम्स के इस गौरवमयी कार्यक्रम का समापन करने के बाद उपराष्ट्रपति का अगला पड़ाव दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर होगा। वहां वे चल रहे सैन्य मेले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।
Read Also: AIIMS Deoghar Convocation: एम्स देवघर के दीक्षांत समारोह गणमान्य हस्तियों का लगेगा जमावड़ा,उपराष्ट्रपति के स्वागत में बाबा नगरी तैयार

