Home » AIIMS Deoghar Convocation: एम्स देवघर के दीक्षांत समारोह गणमान्य हस्तियों का लगेगा जमावड़ा,उपराष्ट्रपति के स्वागत में बाबा नगरी तैयार

AIIMS Deoghar Convocation: एम्स देवघर के दीक्षांत समारोह गणमान्य हस्तियों का लगेगा जमावड़ा,उपराष्ट्रपति के स्वागत में बाबा नगरी तैयार

11 होनहारों के सिर सजेगा गोल्ड मेडल का ताज, पढ़ाई पूरी करने वाले युवा डॉक्टर अब संभालेंगे देश के सेहत की बागडोर।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर: बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर स्थित एम्स (AIIMS) संस्थान अपने दूसरे दीक्षांत समारोह के लिए पूरी तरह तैयार है। शनिवार, 10 अक्तूबर का दिन एम्स देवघर के इतिहास में एक बेहद यादगार और गौरवशाली अध्याय जोड़ने जा रहा है। वर्षों तक दिन-रात की कड़ी मेहनत, मेडिकल की मुश्किल पढ़ाई और मरीजों की सेवा का जज्बा लिए दर्जनों युवा डॉक्टर इस दिन अपनी आधिकारिक डिग्री हासिल कर एक नए जीवन की शुरुआत करेंगे।

​इस खास मौके पर सिर्फ डिग्रियां ही नहीं बांटी जाएंगी, बल्कि चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 सबसे होनहार छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा। एमबीबीएस, बीएससी और एमएससी नर्सिंग के साथ-साथ एमडी और एमएस जैसी उच्च चिकित्सा शिक्षा पूरी करने वाले विद्यार्थी मंच पर अपनी सफलता का जश्न मनाएंगे। संस्थान का मानना है कि यह आयोजन सिर्फ डिग्री देने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए योद्धाओं को सौंपने का एक राष्ट्रीय संकल्प है।

​देश के बड़े दिग्गजों की मौजूदगी में गूंजेगा राष्ट्रगान

समारोह को खास बनाने के लिए देश और राज्य के कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आएंगे। मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शिरकत करेंगे। उनके साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव विशिष्ट अतिथि की भूमिका में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के बड़े अफसर भी छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

​उपराष्ट्रपति के दौरे का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल

उपराष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जिला प्रशासन से लेकर एम्स प्रबंधन तक हर बारीक व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। उपराष्ट्रपति का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है।

​सुबह 10:10 बजे: विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट पर लैंडिंग और औपचारिक स्वागत।
​सुबह 11:00 बजे: एम्स देवघर परिसर में आगमन, जहां वे छात्रों के साथ ग्रुप फोटो में शामिल होंगे।
​सुबह 11:13 बजे: दीक्षांत समारोह का भव्य आगाज, दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम।
​सुबह 11:33 से 11:47 बजे: मेधावी छात्रों को पदक और पुरस्कार वितरण।
​सुबह 11:52 बजे: मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति का संबोधन।
​दोपहर 12:45 बजे: एम्स से रवाना होकर बीबीएमटी अस्पताल के ‘सेवा संपर्क मेले’ में सहभागिता।
​दोपहर 2:10 बजे: देवघर एयरपोर्ट से वापस दिल्ली के लिए प्रस्थान।

​समारोह के समापन पर सभी युवा डॉक्टरों को सामाजिक सरोकार और नशामुक्ति की विशेष शपथ भी दिलाई जाएगी। एम्स प्रबंधन ने विश्वास जताया है कि यहां से निकलने वाले छात्र देश के कोने-कोने में जाकर संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ मरीजों की सेवा करेंगे।

10 अक्टूबर को एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में एमबीबीएस, नर्सिंग और पीजी मेडिकल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का कार्यक्रम है।

Read Also: Indian Railways: दिल्ली प्रदर्शन के कारण थमे ट्रेनों के पहिए… हावड़ा, सियालदह राजधानी और रांची गरीब रथ रद्द 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Comment