
चाईबासा : आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शहरवासियों को जाम की झंझट से मुक्ति दिलाने के लिए जिला प्रशासन का बुलडोजर शुक्रवार को भी गरजा। नगर परिषद और प्रशासनिक टीम ने लगातार दूसरे दिन अभियान चलाकर मुख्य सड़कों और व्यापारिक क्षेत्रों में अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया।
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व पर बाजार में उमड़ने वाली भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह सख्त कदम उठाया गया है। अभियान की कमान खुद एसडीओ संजय कुमार, एसडीपीओ बहामन टुटी, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू और अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार संभाले हुए थे।
इन इलाकों में हुई बड़ी कार्रवाई
अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने बस स्टैंड रोड, मेन रोड, पोस्ट ऑफिस चौक और सदर बाजार क्षेत्र में व्यापक चेकिंग चलाई। सड़कों और फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से लगाए गए गुमटी, शेड, बेंच-टेबल और बांस के ढांचे को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया। वहीं, हद से ज्यादा बाहर सामान निकालकर बेचने वाले दर्जनों दुकानदारों की सामग्रियां भी जब्त कर ली गईं।
दोबारा कब्जा करने पर होगी एफआईआर
नगर परिषद और प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी व्यापारियों को कड़े शब्दों में हिदायत दी है कि वे अपनी दुकानों की सीमा के भीतर ही व्यापार करें। चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा सड़कों का अतिक्रमण पाया गया, तो भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ संबंधित के खिलाफ कानूनी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों में आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को निकलने में भारी असुविधा होती है। आम नागरिकों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल
बुलडोजर की कार्रवाई होते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। कई व्यापारी कार्रवाई से बचने के लिए खुद ही सड़कों पर रखा अपना सामान समेटते दिखे। प्रशासन ने आम जनता और स्थानीय व्यापारियों से शहर को सुंदर, व्यवस्थित और यातायात-मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की है।

