Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर कारोबारियों को धमकाने और रंगदारी मांगने का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले दो सप्ताह के दौरान कई कारोबारियों को निशाना बनाए जाने के बाद अब शहर के एक प्रमुख ज्वेलरी कारोबारी और एक नामी बिल्डर से पांच-पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। घटना के बाद कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रांची के प्रतिष्ठित पॉल ज्वेलर्स की संचालक सुमन पॉल को फोन कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताते हुए कहा कि वह दुबई से बात कर रहा है। रंगदारी नहीं देने पर सुमन पॉल और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद उनके वाट्सएप नंबर पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। मामले को लेकर सुमन पॉल ने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इसी तरह लालपुर निवासी और रियल एस्टेट कारोबारी उदय शंकर को भी अज्ञात नंबर से संदेश भेजकर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। संदेश में रकम नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई। उदय शंकर ने भी मामले की शिकायत लालपुर थाना में दर्ज कराई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विदेश में बैठे अपराधी अपने नेटवर्क के जरिए रांची के कारोबारियों को लगातार निशाना बना रहे हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है और धमकी देने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रिंस खान के नाम पर राजधानी के कई होटल संचालकों और कारोबारियों से रंगदारी मांगी जा चुकी है। पिछले दो सप्ताह में करीब आठ कारोबारियों को धमकी मिलने की सूचना सामने आई है। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने झारखंड में कारोबारियों की सुरक्षा और संगठित अपराध पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read also – Deoghar News : देवघर में आसमान से गिरा पैराशूट जैसा गुब्बारा, देखने के लिए जुट गई भीड़

